पीछा कर रहे युवकों ने युवती की बाइक में मारी टक्कर, हालत गंभीर;वाराणसी में चल रहा इलाज

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र में कॉलेज जाने वाली एक युवती का कथित रूप से कई दिनों से पीछा कर रहे युवकों पर बाइक से टक्कर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। घायल युवती का वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसका ऑपरेशन किया गया है। पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जयनगर गांव निवासी 21 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी सिंह 13 सितंबर को पर्वतपुर से बाइक से बांसडीह की ओर जा रही थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले करीब सात दिनों से गोड़धप्पा गांव के कुछ युवक उसका पीछा कर रहे थे और उसके साथ छेड़खानी करते थे।

आरोप है कि 13 सितंबर को जोगी तिवारी के डेरा के पास सुनसान रास्ते पर युवकों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए लक्ष्मी की बाइक को ओवरटेक करने का प्रयास किया और टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवती बाइक समेत सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया। परिजनों के अनुसार, युवती की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

मामले में युवती के भाई पंकज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गोड़धप्पा गांव निवासी हितेश पटेल और राजू पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *