लालगंज(बलिया) । गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के साथ अब बाढ़ का पानी बीएसटी बंधे के दक्षिण स्थित बस्तियों की ओर तेजी से बढ़ने लगा है। पानी के बस्ती की ओर बढ़ते कदम से ग्रामीणों में खलबली मच गई है। निचले इलाकों में पानी फैलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

शिवपुर कपूर दियर ग्राम पंचायत के लगनटोला, मझरोट के डेरा, सेमरिया डेरा, दक्षिणी बहुआरा तथा हृदयपुर तथा दलकी न0-1 ग्राम पंचायत के सारंगपुर सुरेमनपुर पूर्वां के निचले क्षेत्रों में बाढ़ का पानी गिरना शुरू हो गया है। पानी के लगातार फैलाव से ग्रामीणों को आवागमन, पशुओं के चारे तथा रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर चिंता सताने लगी है।

बाढ़ के पानी ने प्राथमिक विद्यालय शिवपुर कपूर दियर नंबर-1 को भी चारों तरफ से घेर लिया है। विद्यालय परिसर तक पानी पहुंचने से पठन-पाठन को लेकर भी स्थिति चिंताजनक हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंगा के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले समय में पानी कई अन्य बस्तियों को भी अपनी चपेट में ले सकता है।


