बोली- पति नहीं आए तो किसके सहारे रहूंगी
बांसडीह(बलिया)। नेपाल में आई जलप्लावन की त्रासदी के बाद सहतवार थाना क्षेत्र के बेऊर गांव निवासी 25 वर्षीय गोविंद भारती लापता हैं। नेपाल के रसुआ स्थित एंड्रिड हाइड्रो पावर कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड में वेल्डर के पद पर कार्यरत गोविंद से 26 अगस्त की सुबह बातचीत के बाद परिजनों का संपर्क नहीं हो सका है। उनका मोबाइल भी लगातार बंद बता रहा है। बेटे की खोज-खबर नहीं मिलने से पिता सुमेर राम, मां चिंता देवी और पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोविंद सुमेर राम के सबसे बड़े पुत्र हैं। वह रोजगार के सिलसिले में नेपाल गए थे। इसी वर्ष एक मई को उनकी शादी सुरेमनपुर के पास मधुबनी गांव निवासी प्रियंका भारती से हुई थी। शादी के करीब एक महीने बाद ही वह नौकरी के लिए नेपाल चले गए थे। गोविंद ने पत्नी से 15 सितंबर को घर लौटने की बात कही थी।
पत्नी प्रियंका ने बताया कि 26 अगस्त की सुबह करीब सात बजे उनकी गोविंद से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने रक्षाबंधन पर मुझे मायका जाने के लिए कहा था और राखी बांधने के बाद वापस लौटने की बात कही थी। इसके बाद से गोविंद से संपर्क नहीं हो सका है। प्रियंका ने सरकार से पति की तलाश कर उन्हें सुरक्षित घर लाने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि पति के नहीं लौटने पर वह किसके सहारे रहेंगी। गोविंद के पिता सुमेर राम ने भावुक होकर कहा कि सरकार उनकी मदद करे और बेटे को सुरक्षित खोजकर घर लाए। मां चिंता देवी भी बेटे की कोई खबर नहीं मिलने से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसी तरह उनके बेटे को ढूंढ़कर घर ले आए।
परिजन और रिश्तेदार लगातार गोविंद के मोबाइल पर फोन कर रहे हैं, लेकिन फोन नहीं लग रहा है। नेपाल में आई त्रासदी के बाद से उनकी चिंता और बढ़ गई है। परिजन लगातार गोविंद की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।


