मोबाइल चलाने पर परिजनों की डांट से क्षुब्ध युवती टावर पर चढ़ी

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर एक 18 वर्षीय युवती रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर की ऊंचाई पर देख परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। युवती के नीचे आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर नई बस्ती निवासी 18 वर्षीय आरती राजभर को शनिवार रात मोबाइल अधिक चलाने को लेकर मां, पिता और भाई ने डांट दिया था। इससे क्षुब्ध होकर वह रविवार सुबह घर से निकल गई और मल्लाहीचक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

युवती को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर चौकी प्रभारी सूरज पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। चौकी प्रभारी ने छोटे माइक के जरिए युवती से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए राजी किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवती सकुशल टावर से नीचे उतर आई।

युवती के नीचे आते ही पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवती और उसके परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *