उन्नत भारत अभियान में जेएनसीयू हुआ शामिल

Spread the love

बलिया(उत्तर प्रदेश)। माननीय कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा तथा माननीय कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के निर्देशन में जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय का भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रम उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत पंजीकरण हुआ है।

उन्नत भारत अभियान का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत के लिए उच्च शिक्षा एवं गाँवों का रूपांतरण है। यह अभियान विद्यार्थियों में समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने, ग्रामीण समस्याओं के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने तथा गाँवों को सक्षम बनाने की दिशा में कार्य करता है। इसके माध्यम से उच्च शिक्षण संस्थानों के ज्ञान एवं संसाधनों को ग्रामीण समुदायों की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय ने ग्रामीण विकास की गतिविधियों के लिए बेरुआरबारी, चिलकहर, दुबहड़, गड़वार एवं बसंतपुर एहतमाली पाँच गाँवों को अपनाया है। इन गाँवों में जिला प्रशासन के सहयोग से स्थानीय आवश्यकताओं एवं समस्याओं की पहचान, जनजागरूकता, शैक्षणिक सहभागिता तथा विकासोन्मुख गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों के साथ संवाद स्थापित कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक एवं सतत समाधान विकसित करने में योगदान देना है।

कार्यक्रम के प्रमुख विषयगत क्षेत्रों में सतत कृषि प्रणाली, जल संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण ऊर्जा प्रणाली, कारीगरों एवं स्थानीय उद्योगों का विकास, आजीविका संवर्धन तथा बुनियादी सुविधाएँ शामिल हैं। बुनियादी सुविधाओं के अंतर्गत विद्यालयी शिक्षा, डिजिटल शिक्षा, आधारभूत संरचना और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी कार्य किया जा सकता है। इन क्षेत्रों में ग्रामीण समुदायों की आवश्यकताओं के अनुरूप गतिविधियों की योजना बनाने में विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।

विश्वविद्यालय में उन्नत भारत अभियान के पंजीकरण एवं इससे संबंधित आवश्यक कार्यों के समन्वयक में डॉ. रजनी चौबे, समन्वयक, उन्नत भारत अभियान प्रकोष्ठ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अभियान के अंतर्गत डॉ. रजनी चौबे के साथ डॉ. संदीप यादव एवं डॉ. सौम्या तिवारी को सदस्य तथा अभिषेक चौबे, शुभम सिंह, प्रशंसा यादव एवं पूजा यादव को छात्र प्रतिनिधि के रूप में पंजीकृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *