नए मकान में पसरा मातम, करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर 15 में रविवार को करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के खेवसर गांव निवासी लव कुश शर्मा (20) कारपेंटर का काम करता था। रविवार को वह बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर 15 में बन रहे अपने नए मकान की दीवार पर टुल्लू पंप से पानी डाल रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल सीएचसी बांसडीह ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लव कुश की अभी शादी नहीं हुई थी। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *