जय प्रभा सेतु से सरयू नदी में कूदा युवक, तलाश में जुटी पुलिस और जल पुलिस की टीम

Spread the love

लालगंज(बलिया)। यूपी से बिहार को सड़क मार्ग से जोड़ने वाले जय प्रभा सेतु से शुक्रवार को एक व्यक्ति द्वारा 50 फुट नीचे सरयू नदी में छलांग लगाने की खबर से सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार व्यक्ति ने पुल के फुटपाथ पर अपना बैग और जूता छोड़कर नदी में छलांग लगा दी। छलांग लगाने का मार्मिक दृश्य देखकर नदी में मछली पकड़ रहे मांझी के मछुआरों ने नाव से उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंचने से पहले ही वह गहरे पानी में समा गया l

घटना बिहार सीमा के बाद यूपी की सीमा में जय प्रभा सेतु के पिलर नंबर आठ के समीप की है। पुल पर बैग और जूता पड़े होने की सूचना पर मांझी थाना पुलिस और बलिया जनपद के चाँददियर पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें एक मोबाइल और आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड पर भरत यादव पिता रामचन्द्र यादव, ग्राम दलन छपरा, जनपद बलिया लिखा हुआ था। पुलिस ने तत्काल स्थानीय ग्राम प्रधान को फोन कर परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पहुंचे दलन छपरा के ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का परिवार पिछले 4-5 वर्षों से गांव छोड़कर रानीगंज बाजार में किराए के मकान में रहता है और मृतक टेन्ट पंडाल का काम करता था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक कल शाम को ही रानीगंज से कहीं बाहर जाने के लिए निकला था, तभी पुलिस द्वारा इस दुखद घटना की जानकारी मिली। खबर लिखे जाने तक मृतक की पत्नी और तीन पुत्रों में से कोई भी मौके पर नहीं पहुंच सका था। वहीं पुलिस द्वारा यूपी पीएसी के जल पुलिस की भी टीम को बुलाकर मोटरबोट के सहारे शव की खोजबीन शुरू करा दी गई है साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी बुलावा भेज दिया गया है। समाचार प्रेषण तक शव बरामद नहीं हो सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *