मनियर (बलिया)। सहकारिता के जनक स्व. नरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ बलदाऊ जी की जनशताब्दी समारोह के अवसर पर बुधवार को इंटर कॉलेज के गीता सिंह सभागार में ‘दलगत राजनीति, दोस्ती व बलदाऊ जी’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत में एनसीसी कैडेटों ने अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद अतिथियों ने बलदाऊ जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बागी बलिया की धरती ने ऐसे अनेक महापुरुषों को जन्म दिया है, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष और देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने के साथ ही सामाजिक सरोकारों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्व. नरेंद्र बहादुर सिंह ऐसे ही महान व्यक्तित्व थे, जिनके कार्यों और योगदान का स्मरण आज भी पूर्वांचल सहित पूरे जनपद में किया जाता है। उनके पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वक्ताओं ने कहा कि संस्कार और संस्कृति बाजार में नहीं खरीदे जा सकते। ऐसे महापुरुष विरले ही होते हैं, जिनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन जाता है। बलदाऊ जी का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी लोगों को सामाजिक समरसता और जनसेवा की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के आयोजक जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन कमलेश कुमार सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। वहीं, भूमि विकास बैंक बांसडीह के चेयरमैन कुंवर विजय उर्फ पप्पू सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार के सांसद सुनील कुमार कुशवाहा, बिहार के पूर्व परिवहन मंत्री संतोष निराला, विधायक राहुल सिंह, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल, प्रदेश महासचिव हरिशंकर पटेल, पूर्व मंत्री राजधारी, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, अभिषेक कुमार राय, सुभाष पाठक, ओमप्रकाश वर्मा और अशोक पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीरज कुमार मिश्रा ने किया।


