रसड़ा (बलिया)।मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय रसड़ा की चार छात्राओं को विभिन्न सरकारी संस्थानों में एक दिन के लिए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई। छात्राओं ने बैंक, नगर पालिका, डाकघर और पुलिस चौकी में अधिकारियों की भूमिका निभाते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण की पहल की।कार्यक्रम के तहत कक्षा आठ की छात्रा मीनाक्षी तिवारी को भारतीय स्टेट बैंक की रसड़ा शाखा का प्रबंधक बनाया गया।

कक्षा सात की छात्रा अनन्या ने नगर पालिका परिषद रसड़ा में अधिशासी अधिकारी (ईओ) की भूमिका निभाई।इसी तरह छात्रा रागिनी साहनी को प्रधान डाकघर रसड़ा में पोस्टमास्टर और कक्षा सातवीं की ही छात्रा सुहाना शर्मा को पुलिस चौकी उत्तरी में चौकी प्रभारी बनाया गया।अलग-अलग संस्थानों में पहुंचीं छात्राओं ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली को समझा और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया में भाग लिया। उन्होंने ग्राहकों को फार्म भरने से लेकर अन्य बारिकियों से भी अवगत कराया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व संस्थागत कामकाज से परिचित कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व के गुण विकसित करना है।मिशन शक्ति के तहत इस तरह की गतिविधियां छात्राओं को अपनी क्षमता पहचानने और भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।इस दौरान एसबीआई के वरिष्ठ प्रबंधक, नपा के ईओ सुरेश मौर्य, डाकघर के पोस्टमास्टर एके खान, चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीता सिंह, सहायक अध्यापक वीरेंद्र यादव, जितेंद्र बहादुर, श्वेता गुप्ता, ममता कुशवाहा, मसीहुर्रहमान, राजेश यादव, आदित्य सिंह, अनूप गुप्त आदि थे।


