बलिया । संवाददाता भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग पर सोमवार दोपहर तेज बरसात के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
कसेसर में सोमवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। नहर मार्ग के पास दुकानें सजती हैं। दोपहर लगभग ढाई बजे अचानक तेज बरसात शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वहां मौजूद कुछ लोग पास ही स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान गरज के साथ कड़कड़ाती आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी। पेड़ के नीचे खड़े चारों युवक इसकी चपेट में आ गए।
बिजली गिरने के जोरदार धमाके के साथ ही अफरा-तफरी मच गई। हादसा में कसौंडर निवासी 30 वर्षीय रंजीत कुमार और सिकंदरापुर निवासी 28 वर्षीय अनुराग कुमार उर्फ गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 29 वर्षीय छोटू कुमार और एक अन्य अज्ञात युवक झुलस गए।
भीमपुरा थाना अध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, अन्य दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं।


