जिला अस्पताल में विधायक केतकी सिंह ने मरीजों का लिया हाल चाल

Spread the love

बलिया । संवाददाता बांसडीह एवं बेरूआरबारी ब्लॉक के आसचौरा और चोकन गांव में शुक्रवार को अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों में उल्टी, चक्कर और शरीर में कंपन जैसे लक्षण सामने आए, जबकि एक मरीज को सांस लेने में भी परेशानी की शिकायत हुई। सूचना मिलते ही डीएम एवं एसपी व विधायक केतकी सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल दोनों गांवों में पहुंचीं और राहत एवं उपचार कार्य शुरू किया।

सीएमओ डा अभय कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार को करीब 11 बजे ग्राम की आशा कार्यकर्ता के माध्यम से लोगों के अचानक बीमार होने की सूचना मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दोनों गांवों में घर-घर भ्रमण कर लक्षणयुक्त लोगों की पहचान की। मरीजों की स्थिति के अनुसार उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल व सीएचसी बांसडीह गया। मरीजों को आवश्यक दवाएं दी गई तथा मरीज पहले से बेहतर हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित लोगों के स्टूल एवं उल्टी के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ स्थित संचारी लैब भेजा जाएगा। वहीं जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे हैं।

सीएमओ के अनुसार जिला चिकित्सालय में 56, सीएचसी बांसडीह में छः तथा शारदा अस्पताल में चार मरीज भर्ती हुए थे। इस प्रकार प्रभावित मरीजों की कुल संख्या 66 रही। दोपहर एक बजे तक 45 मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय में 20 और निजी चिकित्सालय में एक मरीज भर्ती है। भर्ती किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है और सभी की हालत सामान्य है। विधायक केतकी सिंह जिला अस्पताल से लेकर दोनों गांवों में लगातार लोगों के साथ मरीजों की निगरानी करती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *