बलिया की बांसडीह व चिलकहर विधानसभा सीट से आठ बार हुए थे निर्वाचित
एक वर्ष से बीमार पूर्व मंत्री ने लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में ली अंतिम सांस
बांसडीह(बलिया) । समाजवादी पार्टी के कदावर नेता बांसडीह व चिलकहर विधानसभा से आठ बार निर्वाचित पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी का लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में शुक्रवार को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। पिछले करीब दो वर्षों से वह हृदय रोग की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
उनके की खबर मिलते ही बलिया समेत पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की।
राम गोविंद चौधरी का जन्म सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में 9 जुलाई 1946 को हुआ था। रामगोविन्द चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। वह बलिया शहर के टीडी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे थे। वर्ष 1977 में उन्होंने पहली बार चिलकहर विधानसभा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। वह चिलकहर विधानसभा से पांच बार विधायक रहे। इसके बाद वर्ष 2002, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव में बांसडीह विधानसभा से विजय हासिल कर तीन बार विधायक बने। रामगोविन्द चौधरी तीन बार प्रदेश सरकार में मंत्री तथा एक बार नेता प्रतिपक्ष भी रहें। रामगोविन्द चौधरी 1990 में उद्यान प्रसंस्करण मंत्री रहें। दूसरी बार वर्ष 2003 में मुलायम सिंह यादव के मंत्रीमंडल में बाल विकास पुष्टाहार मंत्री बने। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में रामगोविन्द चौधरी वर्ष 2012 से 2017 तक बेसिक शिक्षा व बाल विकास पुष्टाहार मंत्री पद पर भी कार्य किया। रामगोविन्द चौधरी वर्ष 2017 से 2022 तक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पद पर विराजमान रहें।


