रेवती (बलिया)। स्थानीय कस्बे के वार्ड नंबर तीन में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के आंगन में आम के पेड़ से 50 वर्षीय मुन्ना पटेल का शव लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए।
बताया जाता है कि सुबह एक व्यक्ति फूल तोड़ने के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। उसने तत्काल मोहल्ले के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर रेवती पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया।
घटना के समय मृतक की पत्नी सुनीता घर पर मौजूद थी। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वहीं, मुन्ना पटेल की 18 वर्षीय इकलौती बेटी पूजा अपनी बुआ के यहां प्रयागराज में रहती है। पति की मौत से पत्नी बदहवास है और घटना के कारणों के बारे में कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं है। उसने बताया कि मुन्ना कल शाम से ही पेड़ के पास थे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


