बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के एक गांव में स्कूली छात्रा से कथित छेड़खानी का विरोध करना उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज युवकों ने महिला के घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ युवक पिछले दो महीने से उसकी पुत्री को स्कूल आते-जाते समय अश्लील टिप्पणियां कर परेशान कर रहे थे। बुधवार की शाम छात्रा रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई।
आरोप है कि इस मामले की शिकायत करने पर उसी रात करीब आधा दर्जन युवक महिला के दरवाजे पर पहुंच गए। वहां गाली-गलौज करने के बाद आरोपी घर में घुस गए और महिला के साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी साड़ी खींची गई, जिससे उसका ब्लाउज फट गया। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे पति के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद उसने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर फोन कर शिकायत की। वहां से उसे थाने जाने की सलाह दी गई, लेकिन रात होने के कारण वह तत्काल कोतवाली नहीं जा सकी।
इस मामले में पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


