सरयू नदी कटान से स्थायी बचाव की मांग, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। सरयू नदी की कटान से प्रभावित गांवों को बचाने और कटान की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। अस्तित्व बचाओ आंदोलन के बैनर तले जुटे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा को सौंपा। उन्होंने कटान प्रभावित गांवों में बचाव कार्य कराने, भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास और बाढ़-कटान से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग उठाई।

ग्रामीणों ने कहा कि बांसडीह क्षेत्र के सुल्तानपुर और महाराजपुर गांवों में सरयू नदी की कटान रोकने के लिए स्थायी ठोकरों का निर्माण कराया जाए। कटान में जमीन गंवा चुके भूमिहीन परिवारों को आवासीय पट्टा देने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। इसके अलावा कृषि भूमि के नुकसान का उचित मुआवजा देकर प्रभावित परिवारों को दोबारा बसने में मदद की जाए।

ज्ञापन में वर्षों से जर्जर जयनगर-पर्वतपुर रेगुलेटर का आधुनिक तकनीक से पुनर्निर्माण कराने की मांग भी शामिल रही। ग्रामीणों ने वर्ष 2023 से 2026 के बीच कटान में नष्ट हुई जमीन का दोबारा सर्वे कराने और राजस्व अभिलेखों व खतौनी में आवश्यक सुधार करने की मांग की। साथ ही प्रभावित किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने और उनका किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण माफ करने की मांग उठाई।

इसके अलावा जयनगर से नौका गांव तक रिंग बांध की मरम्मत, ऊंचीकरण और गोल रिंग निर्माण कार्य कराने की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि कटान की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से प्रभावित परिवारों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में शासन-प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह विक्की, निर्भय नारायण सिंह, अमन सिंह, रजनीश यादव, अनिकेत, सनी, राहुल सिंह, शाश्वत परिहार, संजीत यादव, चंदन राजपाल, मंटू, रंजीत यादव, अंजनी कुमार, सोनू कुमार, अजीत कुमार, अखिलेश और दिलीप मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *