बांसडीह(बलिया)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर शुक्रवार को बांसडीह की बड़ी बाजार में महावीरी झंडा पूजन एवं दुर्गा पूजा समिति की ओर से दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रेम प्रकाश सिंह ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर किया। समिति के अध्यक्ष हरेकृष्ण वर्मा ने अतिथियों को माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। दंगल के दौरान पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग में गाजीपुर के अमित पहलवान ने गौरा (बलिया) के पवन पहलवान को पटखनी देकर जीत दर्ज की। वहीं महिला वर्ग में गाजीपुर की ब्यूटी पहलवान ने आजमगढ़ की रंजना पहलवान को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। अन्य मुकाबले भी रोचक रहें।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नीरज सिंह गुड्डू ने कहा कि कुश्ती हमारे देश की पहचान है। क्षेत्र में कुश्ती की लोकप्रियता धीरे-धीरे कम हो रही है। ऐसे आयोजन पहलवानों के लिए संजीवनी का काम करते हैं। कुश्ती से शरीर स्वस्थ रहता है और युवाओं में शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन भी विकसित होता है। उन्होंने क्षेत्र में इस तरह के आयोजनों को लगातार आयोजित करने पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रेम प्रकाश सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा मिलना चाहिए। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और वे जिले, प्रदेश तथा देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट समेत कई खिलाड़ियों ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाई है।
दंगल में नगरा निवासी बबलू सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि संजय पहलवान ने कुश्ती का संचालन किया।
इस दौरान उमाशंकर सिंह, तरुण प्रकाश सिंह, के के सिंह, पवन तिवारी, संतोष तिवारी, धनंजय सोनी, संजय कुमार, शैलेश सिंह, दीपू तुरहा, संतोष पटेल, मुन्ना मिश्र, मुन्ना चौहान, संजय गुप्ता, पंचदेव वर्मा, अनिल तिवारी आदि थे।


