दयाछपरा(बलिया)। रेवती थाना क्षेत्र के नवका गांव स्थित नोखा बाबा गिरी मठिया पर नवरात्र के शुभारंभ से ही महंत सत्य शरण दास जी महाराज अर्ध समाधि में बैठे हैं। मठिया पर नवदुर्गा के नौ कलश स्थापित किए गए हैं। यहां श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बाबा ने अपने शरीर को मिट्टी के गड्ढे में ढक रखा है। केवल गर्दन से ऊपर का हिस्सा दिखाई दे रहा है। उनके सामने नौ कलश स्थापित किए गए हैं, जहां प्रतिदिन विद्वान पंडितों की ओर से दुर्गा सप्तशती का सस्वर पाठ किया जा रहा है। बाबा की इस साधना को लेकर क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
मुख्य यजमान अधिवक्ता आनंद सिंह और अधिवक्ता मनीष सिंह ने बताया कि महंत सत्य शरण दास जी महाराज दिसंबर 2025 में मठिया पर आए थे। वह सादा जीवन व्यतीत करते हुए जो रूखा-सूखा मिल जाता था, उसे ग्रहण कर दिनचर्या चलाते थे। नवरात्र के शुभारंभ 11 अक्टूबर से उन्होंने अर्ध समाधि धारण कर ली और उसी दिन से अन्न-जल का त्याग कर दिया।
उन्होंने बताया कि बाबा प्रतिदिन संध्या के समय मात्र एक चम्मच शुद्ध घी और दो चम्मच जल ग्रहण करते हैं। 19 अक्टूबर को हवन-पूजन के बाद बाबा अर्ध समाधि से बाहर आएंगे। इस अवसर पर मठिया परिसर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा।


