पुलिया के पास सड़क का बड़ा हिस्सा टूटा, बगल में 20 से 30 फीट गहरा गड्ढा
लालगंज(बलिया) । क्षेत्र की लाइफ लाइन कही जाने वाली लालगंज-शिवपुर कपूर दियर सड़क जगह-जगह टूटकर बदहाल हो गई है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि इस पर आवागमन करना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं है। लालगंज बाजार के समीप पुलिया के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूट गया है। सड़क से सटे गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भरा होने से हादसे की आशंका और बढ़ गई है।
यह मार्ग मुरारपट्टी, हृदयपुर, बलवंतछपरा, गड़ेरिया, बहुआरा, जगदीशपुर, नरदरा, शिवपुर कपूर दियर, लच्छूटोला, सेमरिया, दलकी और लगनटोला समेत दर्जनों गांवों के लोगों के लिए बाजार, तहसील, ब्लॉक, थाना और जिला मुख्यालय जाने का प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा गंगा पार बिहार के जानकी बाजार सहित बहोरनपुर, सलेमपुर, बरजा, करजा, झोंवा और बेलवनिया समेत दर्जनों गांवों के लोगों का भी इस मार्ग से दिन-रात आवागमन होता है।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब तीन मीटर चौड़ी यह सड़क कई स्थानों पर बिना पटरी के है। मुरारपट्टी पुलिया के समीप सड़क का करीब एक चौथाई हिस्सा टूट चुका है। सड़क के पश्चिमी किनारे करीब 20 से 30 फीट गहरा गड्ढा है, जिसमें बारिश का पानी लबालब भरा हुआ है। ऐसे में आमने-सामने से वाहनों के गुजरने के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
इस मार्ग पर प्रतिदिन छोटी-बड़ी हजारों निजी, व्यावसायिक और स्कूली वाहनों का आवागमन होता है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराने तथा गहरे गड्ढे के किनारे सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है।


