जाति प्रमाण पत्र के नाम पर 50हजार की मांग,लेखपाल सस्पेंड:ऑडियो रिकॉर्डिंग के बाद हुई कार्रवाई

Spread the love

बलिया। जाति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये मांगने के आरोप में जिला प्रशासन ने तहसील सदर के राजस्व ग्राम सुल्तानपुर के क्षेत्रीय लेखपाल संदीप सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

सुल्तानपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद तिवारी ने आरोप लगाया था कि जाति प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए लेखपाल एवं अन्य राजस्व कर्मियों की ओर से उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में मोबाइल पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराई।

तहसीलदार सदर की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। आवश्यक साक्ष्य एवं अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण नियमानुसार पोर्टल पर आवेदन को आख्या सहित निस्तारित/निरस्त किया गया था। इसके बाद शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराई गई दो अलग-अलग ऑडियो रिकॉर्डिंग का प्राथमिक परीक्षण किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, रिकॉर्डिंग में बातचीत करने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। हालांकि शिकायतकर्ता ने दावा किया कि रिकॉर्डिंग में सुनाई दे रही आवाज क्षेत्रीय लेखपाल संदीप सिंह की है। शिकायतकर्ता ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 50 हजार रुपये मांगे जाने का भी आरोप लगाया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए संबंधित लेखपाल को निलंबित करने की संस्तुति की। जिला अधिकारी के आदेश पर संदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें तहसील बलिया के भूलेख कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की विभागीय जांच के बाद आरोपों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *