मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना पुरस्कार से सम्मानित पंचायत में पांच माह से सड़क पर बह रहा नाली का पानी

Spread the love

हृदयपुर-मुरारपट्टी के मुख्य मार्ग पर जलजमाव से ग्रामीण परेशान, सफाईकर्मियों की तैनाती के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल

लालगंज (बलिया)। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना पुरस्कार से सम्मानित हृदयपुर ग्रामसभा की सफाई व्यवस्था की दुर्दशा पर आखिर जिलाधिकारी की नजर कब पड़ेगी? मुरलीछपरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत हृदयपुर एवं मुरारपट्टी के सीमावर्ती मुख्य मार्ग पर पिछले करीब पांच माह से बजबजाती नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों समेत आम राहगीरों को गांव से बाहर निकलने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हैरानी की बात है कि दोनों पंचायतों में चार सफाईकर्मी तैनात हैं, इसके बावजूद स्वच्छ भारत मिशन की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं।

लंबे समय से सड़क पर गंदा पानी जमा होने से गंदगी का अंबार लग गया है। सड़ांध भरी दुर्गंध, सड़क पर जमी काई और दूषित पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं कीड़े-मकोड़े, मक्खी और मच्छरों का प्रकोप भी ग्रामीणों को परेशान कर रहा है। उक्त मार्ग हृदयपुर और मुरारपट्टी पंचायत के हजारों लोगों के गांव से बाहर निकलने का प्रमुख रास्ता है। इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे स्कूल, महिलाएं मंदिर और ग्रामीण अपने जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं।

विडंबना यह है कि मुख्य मार्ग की इस बदहाली को लेकर ग्रामीण दोनों पंचायतों के प्रधान, पंचायत सचिव, सहायक विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी तक शिकायत करते-करते थक चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। प्रदेश सरकार स्वच्छता को लेकर तमाम योजनाएं संचालित कर रही है और लाखों रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है ।

धार्मिक आस्था से भी जुडा है मार्ग

हृदयपुर–मुरारपट्टी पंचायत की सीमा पर स्थित यह मार्ग गांव के प्रमुख मंदिर तक जाने का रास्ता भी है। नवरात्र, दीपावली और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर पूरे गांव के लोग इसी रास्ते से पूजा-अर्चना के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में त्योहारों के बीच सड़क पर गंदे पानी का जमाव धार्मिक आस्था के साथ-साथ जनसुविधा के लिए भी गंभीर समस्या बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, उक्त मार्ग पर पिछले करीब तीन दशक से विकास कार्य हृदयपुर ग्राम पंचायत द्वारा ही कराया जाता रहा है, जबकि मुरारपट्टी पंचायत की ओर से इस मार्ग पर कोई ठोस कार्य नहीं कराया गया है।ग्रामीणों ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने, नाली का उच्चीकरण तथा सीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि हजारों लोगों को नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *