डी एम ने रामगढ़ से गोपालपुर दुबे छपरा तक बाढ़ बचाव कार्यों का लिया जायजा

Spread the love

दयाछपरा(बलिया)। जिलाधिकारी बलिया ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार की शाम रामगढ़ से सटे गोपालपुर, दुबे छपरा समेत गंगा के तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई एवं बाढ़ विभाग की ओर से कराए गए निर्माण एवं बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने तटबंध के किलोमीटर 27.950 पर स्थित स्पर और तटबंध का निरीक्षण कर उसकी स्थिति देखी तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ विभाग के अभियंता एसके प्रियदर्शी से निर्माण कार्यों से संबंधित एक-एक बिंदु की जानकारी ली। उन्होंने स्पर और तटबंध की वर्तमान स्थिति, बाढ़ के दौरान होने वाले दबाव तथा तटवर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से यह भी पूछा कि बाढ़ के दौरान किन स्थानों पर कटान या पानी के दबाव की आशंका अधिक रहती है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में बाढ़ से तटवर्ती गांवों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपायों को लेकर प्रभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। जिन स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कार्य की आवश्यकता है, उनका चिह्नांकन कर प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने बाढ़ के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रमेश चंद्र वर्मा, नायब तहसीलदार बैरिया उदयभान, सहायक अभियंता द्वितीय श्रवण कुमार प्रियदर्शी, द्वितीय उपखंड के जूनियर इंजीनियर अमरनाथ वर्मा, वसीम अहमद और जगवीर प्रजापति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *