बलिया। कोतवाली क्षेत्र के रामदहिनपुरम कॉलोनी में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है। फुटेज में दो संदिग्ध चोर रात में जाते दिखाई दे रहे हैं।
मूल रूप से दूबौली गांव निवासी सुनील दूबे का रामदहिनपुरम कॉलोनी में मकान है। वह झारखंड में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी मधु दूबे यहां रहती हैं। गुरुवार की शाम मधु घर में ताला बंद कर अपनी बीमार बहन को देखने वाराणसी चली गई थीं।
इसी दौरान देर रात रिमझिम बारिश के बीच चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने दो आलमारियों और अटैची को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पड़ोसियों से ताला टूटने की सूचना मिलने पर मधु दूबे वाराणसी से घर पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि चोर सोने का हार, दो चेन, चार अंगूठियां, कंगन, दो जोड़ी झुमके, करधनी समेत अन्य चांदी के आभूषण ले गए हैं। चोरों ने एक आलमारी को नीचे गिराकर तोड़ा हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
बंद मकान का ताला तोड़ लाखों के जेवरात चोरी, CCTV में दिखे दो संदिग्ध चोर


